बड़ी खबर LIVE: राष्ट्रपति ने मंजूर किया प्रधान का इस्तीफा, प्रह्लाद जोशी को मिला शिक्षा मंत्रालय का प्रभार
नीट प्रश्नपत्र लीक और प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में शनिवार को बिहार बंद के समर्थन में वामपंथी छात्र संगठनों ने राज्यभर में प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ स्थानों पर हिंसा भी हुई। पुलिस के अनुसार, पटना, सारण, सीवान, औरंगाबाद और भागलपुर में बंद के दौरान हिंसा हुई, जबकि समस्तीपुर, नवादा और नालंदा में प्रदर्शन मुख्य रूप से शांतिपूर्ण रहे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए राज्य के सभी जिलों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि सीवान जिले में प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने गोली चलाई। उन्होंने इस घटना के लिये मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की निंदा की। यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कथित घटना का एक वीडियो साझा करते हुए कहा, “सीवान में प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने छात्रों पर एके-47 से सीधे गोलीबारी की। जब कोई अपराधी… मुख्यमंत्री बन जाता है तो पुलिस निर्दोष छात्रों पर गोलियां चलाती है…।”
हालांकि, अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाए जाने की पुष्टि नहीं की है।